गोमती का जलस्तर बढ़ने से लखनऊ में हाहाकार, कई इलाकों में पानी-पानी; तस्वीरों में दिखा संकट

गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से लखनऊ के कई इलाकों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। गोमती नगर से सटे क्षेत्रों के अलावा फैजुल्लागंज, दुबग्गा, जेहटा, माल और इटौंजा के ग्रामीण इलाकों में भी पानी तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन के मुताबिक, अगले 24 घंटे में गोमती का जलस्तर करीब दो फीट तक और बढ़ सकता है।

दुबग्गा के जेहटा रोड और आसपास के क्षेत्रों में रविवार शाम तक करीब डेढ़ फीट पानी भर गया। प्रशासन की टीम ने हयात नगर मोड़, दौलतखेड़ा, सैथा और बरावन कला समेत प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रभावित क्षेत्रों में 10 नावें भी लगाई गई हैं।

हजार बीघा से ज्यादा फसल को नुकसान

बाढ़ से धान, सब्जियों समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने एक हजार से अधिक बीघा फसल और सब्जियों के नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। मंझौवा गांव में करीब 500 बीघा धान की फसल पानी में डूब गई है।

घरों में पानी घुसा, किराये के कमरों में पहुंचे परिवार

फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में घरों में पानी भरने के बाद लोग अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं। कई परिवारों ने किराये के कमरे लिए हैं। कुछ इलाकों में कई दिनों से जलभराव होने के कारण लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित है।

पेयजल का भी संकट

फैजुल्लागंज के मामा चौराहा, अटल चौक, गणेश विहार और नंदन चौराहा समेत कई कॉलोनियों में चारों तरफ पानी ही पानी है। प्रभावित लोगों के सामने पेयजल का संकट भी खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घरों के नलों से बदबूदार पानी आ रहा है, जबकि कई परिवारों तक पीने का पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

बच्चे और बुजुर्ग भी परेशान

कई परिवार कई दिनों से बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं। एक साल के बच्चे के साथ कंट्रोल रूम पहुंची महिला ने नाव या ट्रैक्टर की मदद के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन करीब दो घंटे इंतजार के बाद भी सहायता नहीं मिल सकी।

गुलाला घाट तक पहुंचा बाढ़ का पानी

गोमती की बाढ़ का असर गुलाला घाट के अंत्येष्टि स्थल तक पहुंच गया है। घाट की सड़क पर करीब डेढ़ फीट पानी बह रहा है। परिसर में भी पानी भरने से अंतिम संस्कार में परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण विद्युत शवदाह गृह भी बंद है।

राहत-बचाव कार्य जारी

जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों से बातचीत की और राहत सामग्री वितरित की। प्रशासन ने रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने और दाऊद नगर में अतिरिक्त कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल गोमती का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और प्रशासन प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button