गढ़वाल विवि छात्रसंघ चुनाव: मतदान के बाद आज शाम घोषित होगा परिणाम, 14 बूथों पर कड़ी नजर

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया। चुनाव में कुल 8,776 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए विश्वविद्यालय परिसर में 14 बूथ बनाए गए हैं।

बिड़ला परिसर में मतदान दोपहर दो बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना शुरू की जाएगी और शाम पांच बजे के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बिड़ला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

संगठनों की पहचान वाली सामग्री पर रोक

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने मतदान को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने छात्रों और छात्र संगठनों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। निर्देश के अनुसार कोई भी छात्र ऐसी प्रिंटेड सामग्री का इस्तेमाल नहीं करेगा, जिससे किसी संगठन की पहचान उजागर होती हो।

सभी छात्रों को बांटे गए परिचय पत्र

मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 8,776 छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र वितरित किए गए हैं। बृहस्पतिवार तक लगभग सभी छात्रों को उनके परिचय पत्र उपलब्ध करा दिए गए थे।

प्रशासन की ओर से उपजिलाधिकारी नुपूर वर्मा ने भी चुनाव समिति को लिंगदोह समिति की सिफारिशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कोतवाल कुलदीप सिंह ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए बिड़ला परिसर और आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। पीएसी जवानों के अलावा जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी पर तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button