ऐतिहासिक गुरुद्वारे को मिलेगा नया स्वरूप, पीएम मोदी ने रखी आधारशिला; पांच मंजिला बनेगा परिसर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचकर मत्था टेका और अरदास में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला भी रखी। एक सदी से अधिक पुराने इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे को आधुनिक पांच मंजिला कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुद्वारे में आयोजित समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचकर वह खुद को बेहद भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।
1920 के दशक में हुई थी गुरुद्वारे की स्थापना
गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा माना जाता है। इसकी स्थापना 1920 के दशक में हुई थी। यह मनीला में रहने वाले सिख और पंजाबी समुदाय के लिए लंबे समय से धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है।
पुनर्विकास परियोजना के तहत ऐतिहासिक गुरुद्वारे को आधुनिक पांच मंजिला परिसर के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें सिख समुदाय के लिए पर्याप्त जगह और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सिख समुदाय के योगदान को पीएम मोदी ने सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुद्वारे के पुनर्विकास समारोह में शामिल होने को अपने लिए सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय ने गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर दुनियाभर में मानवता और सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फिलीपींस पहुंचे थे। मंगलवार को वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
इस दौरे के दौरान भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं की प्रस्तावित क्वाड बैठक पर भी नजरें रहेंगी। करीब दो साल बाद क्वाड देशों के नेता शीर्ष स्तर पर एक मंच पर आ सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संभावित मुलाकात भी इस दौरे का अहम हिस्सा मानी जा रही है।





