अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया की बेटे बैरन को सलाह: ‘सावधान रहना’, दुनिया के खतरों को लेकर कही बात

अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने अपने बेटे बैरन को डेटिंग और बाहरी दुनिया को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दुनिया खतरों से भरी है और बेटे को सावधान रहना चाहिए। साथ ही मेलानिया ने भरोसा दिलाया कि वह जिंदगी के हर मोड़ पर बैरन के साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने अपने बेटे को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।

मेलानिया ने ये बातें अपनी नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज में कहीं। 56 वर्षीय मेलानिया ने बताया कि वह 20 वर्षीय बैरन को अक्सर सतर्क रहने की सलाह देती हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे से हमेशा कहती हैं कि बाहर की दुनिया खतरों से भरी है और उसे सावधानी बरतनी चाहिए।

बैरन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया के सबसे छोटे बेटे हैं। वह अब तक काफी हद तक सार्वजनिक जीवन और मीडिया की नजरों से दूर रहे हैं। हालांकि, मेलानिया ने बताया कि उनके और बैरन के बीच जिंदगी से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बातचीत होती है। वह बेटे को भरोसा दिलाती हैं कि किसी भी परिस्थिति में उसका साथ नहीं छोड़ेंगी।

मेलानिया ने कहा, ‘मैं हमेशा उसके लिए मौजूद रहूंगी। हमारे बीच जिंदगी को लेकर बहुत खुलकर बातचीत होती है। मैं हमेशा उसके साथ रहूंगी। अभी भी हूं और आगे भी रहूंगी। वह जानता है कि मेरी पहली प्राथमिकता वही है और हमेशा रहेगा।’

मेलानिया ने खुद को बताया ‘कूल मां’

डॉक्यूमेंट्री सीरीज में मेलानिया ने खुद को ‘बहुत कूल मां’ भी बताया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह बैरन को यह बात अक्सर याद दिलाती रहती हैं।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब बैरन की निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं फिर तेज हुई हैं। साल 2025 में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बैरन ने न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टावर में एक लड़की के साथ डेट का इंतजाम किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मुलाकात के लिए इमारत की एक पूरी मंजिल खाली कराई गई थी। एक सूत्र ने बताया था कि घर पर डेट आयोजित करने का फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया था।

हालांकि, बैरन ने अपनी डेटिंग जिंदगी को लेकर सार्वजनिक रूप से कभी कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि फिलहाल वह किसी रिश्ते में हैं या नहीं।

न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हैं बैरन

बैरन फिलहाल न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस में तीसरे साल के छात्र हैं। वह लंबे समय तक सार्वजनिक चर्चा से दूर रहे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उनकी सार्वजनिक मौजूदगी बढ़ी है। इसकी एक वजह उनके पिता डोनाल्ड ट्रंप की व्हाइट हाउस में वापसी भी है।

गर्मियों में बैरन को व्हाइट हाउस में आयोजित यूएफसी कार्यक्रम में देखा गया था। उस दौरान उनके नए हेयरस्टाइल को लेकर भी चर्चा हुई थी। इसके अलावा, वह फरवरी 2026 में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति के तौर पर दिए गए वार्षिक संबोधन में भी शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें उनकी सौतेली बहनें इवांका और टिफनी ट्रंप भी शामिल थीं, मौजूद रहे।

डॉक्यूमेंट्री में बेटे की शख्सियत पर भी बात

जनवरी में रिलीज हुई अपनी पहली फिल्म ‘मेलानिया’ में भी प्रथम महिला ने बैरन की शख्सियत के बारे में बात की थी। उन्होंने बेटे को बेहद आत्मविश्वासी बताया और कहा कि वह चाहती हैं कि बैरन जिंदगी में अपनी अलग राह बनाए।

डॉक्यूमेंट्री के एक अन्य दृश्य में मेलानिया और डोनाल्ड ट्रंप कार में साथ सफर करते दिखाई देते हैं। इस दौरान दोनों बेटे के बारे में बातचीत करते हैं। मेलानिया ने बैरन को असाधारण दिमाग वाला बताया और कहा, ‘मैं उससे प्यार करती हूं।’

क्या है मेलानिया की नई डॉक्यूमेंट्री सीरीज?

मेलानिया की इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन ब्रेट रैटनर ने किया है। इसमें जनवरी 2025 में डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह से पहले के 20 दिनों की घटनाओं को दिखाया गया है। मेलानिया और डोनाल्ड ट्रंप की शादी जनवरी 2005 में हुई थी, जबकि उनके बेटे बैरन का जन्म मार्च 2006 में हुआ था।

मेलानिया कई बार मां के तौर पर अपनी भूमिका को लेकर बात कर चुकी हैं। वह अपने बेटे को अनावश्यक सार्वजनिक चर्चा से दूर रखना चाहती हैं, ताकि वह अपनी अलग पहचान बना सके और जिंदगी में खुद फैसले ले सके।

Related Articles

Back to top button