संजय दत्त का मजेदार भाषण चर्चा में, बोले- देश को व्यक्ति से पहले प्राथमिकता दें, गांधी जी के विचार अपनाएं

अभिनेता संजय दत्त हाल ही में शेखर सुमन के शो ‘शेखर टुनाइट’ में नजर आए। शो के दौरान उनसे पांच मिनट के लिए खुद को भारत का प्रधानमंत्री मानकर देश को संबोधित करने के लिए कहा गया। संजय दत्त ने अपने चर्चित किरदार ‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में काल्पनिक भाषण दिया और कई सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर व्यंग्यात्मक अंदाज में अपनी बात रखी।

भारत में शांति को लेकर कही बात

संजय दत्त ने अपने भाषण में कहा कि भारत के लोग बहुत प्यारे और मेहमाननवाज हैं और देश में शांति होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें अब देश में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती। अभिनेता ने लोगों के बीच भाईचारे और शांति की कामना करते हुए भगवान शिव से प्रार्थना करने की बात भी कही।

विदेशी दौरों पर भी किया मजाक

प्रधानमंत्री की भूमिका में संजय दत्त ने विदेशी दौरों को लेकर भी अपने अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर वह प्रधानमंत्री होते तो देश को संबोधित करने के बाद इस खुशी का जश्न मनाने विदेश नहीं जाते, बल्कि देश में ही लोगों के बीच रहते।

संजय दत्त ने यह बात ‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में मजाकिया तरीके से कही, जिसे शो के संदर्भ में एक काल्पनिक भाषण के तौर पर पेश किया गया।

नेताओं की तस्वीरों को लेकर भी बोले

शो में संजय दत्त ने सार्वजनिक जगहों पर नेताओं की तस्वीरें लगाने के मुद्दे पर भी व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि देश में किसी व्यक्ति की तस्वीर से ज्यादा देश और उसके विचारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों और ‘गांधीगिरी’ का जिक्र करते हुए टकराव के बजाय अहिंसा और शांति का रास्ता अपनाने की बात कही।

‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में दिया संदेश

पूरे भाषण के दौरान संजय दत्त अपने लोकप्रिय किरदार ‘मुन्ना भाई’ की शैली में नजर आए। उन्होंने राजनीतिक मुद्दों को गंभीर भाषण के बजाय हास्य और व्यंग्य के जरिए प्रस्तुत किया। शो का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button