वायरल वीडियो से विवादों में आए श्रेयस तलपड़े, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस; यूजर्स ने की आलोचना

बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हाल ही में मुंबई में आयोजित एक फैशन शो में वह शोस्टॉपर के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान रैंप पर उनके मस्ती भरे अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में अभिनेता की हरकतों को देखकर कुछ यूजर्स ने उनकी आलोचना की, जबकि कई लोगों को उनका अंदाज पसंद भी आया।
रैंप वॉक के दौरान श्रेयस ने क्या किया?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में श्रेयस तलपड़े रैंप वॉक करते हुए बीच में रुक जाते हैं। इस दौरान वह फिल्म ‘पुष्पा’ के चर्चित जेस्चर की नकल करते नजर आते हैं। इसके अलावा वह बॉलिंग करने की एक्टिंग भी करते हैं, मानो रनवे पर काल्पनिक गेंद फेंक रहे हों।
इसके बाद अभिनेता सामने की कतार में बैठे फिल्म निर्माता सुभाष घई के पास पहुंचते हैं। वह झुककर उनका अभिवादन करते हैं और उन्हें गले लगाते हैं। फिर श्रेयस सुभाष घई को भी रैंप पर आने के लिए आमंत्रित करते हैं। दोनों साथ में रैंप पर नजर आते हैं और शो का समापन करते हैं।
सोशल मीडिया पर क्यों ट्रोल हो रहे अभिनेता?
श्रेयस तलपड़े के इस अंदाज पर सोशल मीडिया यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने उनके मस्ती भरे व्यवहार को पसंद किया, तो कुछ ने फैशन शो के मंच पर इस तरह की गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए।
कुछ यूजर्स का कहना है कि रैंप वॉक के दौरान पेशेवर मॉडल्स से अनुशासन और तय मानकों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है, जबकि सेलिब्रिटी शोस्टॉपर्स को अक्सर अलग तरह की छूट मिल जाती है।
यूजर्स ने किए ऐसे कमेंट
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा कि सेलिब्रिटीज के लिए सब कुछ माफ है। अगर कोई मॉडल ऐसा करता, तो उसे जुर्माना भरना पड़ता और आलोचना का सामना करना पड़ता।
एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की कि रैंप पर जाने से पहले उसके तौर-तरीकों को समझना चाहिए। वहीं, कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अजीब बताया और पेशेवर मॉडलों को अधिक अवसर देने की मांग की। एक यूजर ने लिखा, ‘असली मॉडलों को लाओ।’
वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं श्रेयस तलपड़े?
काम की बात करें तो श्रेयस तलपड़े आखिरी बार फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री काजल अग्रवाल भी थीं। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।
अब श्रेयस तलपड़े आगामी फिल्म ‘गोलमाल 5’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को लेकर उनके प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।





