मिशन यूपी के लिए भाजपा का माइक्रो मैनेजमेंट, हर परिवार तक पहुंचने की तैयारी; कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी बूथ स्तर से लेकर घर-घर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत प्रत्येक 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता तैनात किया जाएगा। साथ ही, मतदाता सूची के सत्यापन, लाभार्थियों से संपर्क और सामाजिक समीकरणों को साधने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
शनिवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में चुनावी रणनीति को लेकर बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव माइक्रो मैनेजमेंट के आधार पर लड़ा जाएगा। उन्होंने जिला प्रभारियों को विधानसभा स्तर पर और विधानसभा प्रभारियों को शक्ति केंद्रों पर प्रवास करने के निर्देश दिए।
घर-घर संपर्क अभियान पर भाजपा का जोर
भाजपा की रणनीति के तहत महिला और युवा मोर्चे के कार्यकर्ता भी विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी महिलाओं, युवाओं, नए मतदाताओं, किसानों, लाभार्थियों, छोटे व्यापारियों, प्रबुद्ध वर्ग और पूर्व सैनिकों तक पहुंच बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके अलावा सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मतदाता सूची के सत्यापन और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में कार्यकर्ताओं की टीमें बनाकर ग्रामसभा स्तर पर चौपाल और जनसंवाद आयोजित करने के निर्देश दिए। पार्टी का लक्ष्य लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखना और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना है।
3 नवंबर से छह क्षेत्रों में निकलेगी पदयात्रा
भाजपा ने चुनावी माहौल बनाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदयात्राएं निकालने का फैसला किया है। ये पदयात्राएं ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक पदयात्रा में कम से कम 25 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 3 नवंबर को अवध क्षेत्र की पदयात्रा लखनऊ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में और ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा बरेली में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में निकाली जाएगी।
4 नवंबर को गोरखपुर में गोरक्ष क्षेत्र की पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। इसी दिन प्रयागराज में काशी क्षेत्र की पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि होंगे।
वहीं, 5 नवंबर को पश्चिम क्षेत्र की पदयात्रा गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की पदयात्रा कानपुर में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में आयोजित की जाएगी।
दिवाली के बाद मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान होगा तेज
भाजपा दिवाली के बाद मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को गति देने की तैयारी में है। इसके तहत नए मतदाताओं के फॉर्म-6 भरवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला और विधानसभा स्तर पर चुनाव संचालन समितियां गठित करने के साथ पूर्व पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी संगठनात्मक गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।
युवा, महिला, व्यापारी, श्रमिक और छोटे कारोबारियों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी। पार्टी का जोर नए मतदाताओं को जोड़ने और मौजूदा मतदाता सूची के सत्यापन पर रहेगा।
बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ बनाने की तैयारी
भाजपा की इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य विधानसभा चुनाव 2027 से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। प्रत्येक 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय करने, नियमित जनसंपर्क और बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए पार्टी मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है।
पदयात्राओं, चौपालों और घर-घर संपर्क अभियानों के माध्यम से भाजपा चुनाव से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करेगी। अब इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी कितनी मजबूती से मतदाताओं तक पहुंच बना पाती है, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।





