अखिलेश यादव की पार्टी में फिर रार के संकेत, कमाल अख्तर की सभा को लेकर नवाब जान ने जताई नाराजगी

समाजवादी पार्टी में अंदरूनी खींचतान एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार को ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र में कांठ से सपा विधायक और पूर्व मंत्री कमाल अख्तर ने सभा की। इस दौरान उन्होंने ठाकुरद्वारा सीट से टिकट के दावेदार इकबाल इंजीनियर के पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक नवाब जान खां शामिल नहीं हुए। नवाब जान ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित ही नहीं किया गया था। उन्होंने इसकी जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव को देने की बात कही है।
इकबाल इंजीनियर के कार्यालय का हुआ उद्घाटन
ठाकुरद्वारा नगर में मस्जिद धोबियान के पास इकबाल इंजीनियर के पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में कमाल अख्तर ने सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के होर्डिंग पर विधायक नवाब जान की तस्वीर भी नजर नहीं आई।
ठाकुरद्वारा सीट से नवाब जान खां लगातार तीन चुनाव जीत चुके हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी वह अपनी दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में उनके ही क्षेत्र में दूसरे दावेदार के कार्यालय का उद्घाटन और सभा किए जाने से सपा की स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव के आने की भी चर्चा थी, लेकिन वह भी वहां नहीं पहुंचे।
‘मुझे कार्यक्रम में बुलाया ही नहीं गया’
ठाकुरद्वारा के विधायक नवाब जान खां ने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव को जानकारी दे दी गई है।
नवाब जान के इस बयान के बाद पार्टी के भीतर आपसी तालमेल और स्थानीय स्तर पर चल रही राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं सपा नेताओं के मतभेद
मुरादाबाद में सपा की अंदरूनी खींचतान का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में तत्कालीन सांसद एसटी हसन का टिकट काटकर रुचि वीरा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी में दो खेमों की चर्चा सामने आई थी। इसके बाद रुचि वीरा और कमाल अख्तर के बीच मतभेद भी सुर्खियों में रहे।
जून 2026 में लखनऊ में अखिलेश यादव के सामने दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस होने की बात सामने आई थी। पीडीए सम्मेलन में रुचि वीरा को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर भी विवाद हुआ था। इसके बाद कमाल अख्तर ने विधानसभा में सपा विधायक दल के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था।
अब ठाकुरद्वारा में हुए इस कार्यक्रम ने पार्टी की स्थानीय राजनीति को फिर चर्चा में ला दिया है।
कमाल अख्तर बोले- पार्टी में गुटबाजी नहीं
वहीं, कमाल अख्तर ने गुटबाजी की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि इकबाल इंजीनियर ने जनता की समस्याओं को पुलिस-प्रशासन के सामने उठाने और पार्टी की नीतियों का प्रचार करने के उद्देश्य से कार्यालय खोला है। उनके मुताबिक, नगर में पार्टी का कोई कार्यालय नहीं था।
कमाल अख्तर ने कहा कि पार्टी में गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है। टिकट का फैसला पार्टी हाईकमान करेगा और जिसे भी प्रत्याशी बनाया जाएगा, सभी कार्यकर्ता उसे चुनाव लड़ाएंगे।





