दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन का पलड़ा भारी: ईशान के शतक से मजबूत शुरुआत, साउथ के गेंदबाज संघर्षरत

दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल के पहले दिन ईस्ट जोन के बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में साउथ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन ने दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में चार विकेट पर 385 रन बना लिए हैं। कप्तान ईशान किशन ने शानदार शतक जड़ा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

स्टंप्स के समय ईशान किशन 135 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 111 रन बनाकर नाबाद थे। उनके साथ कुमार कुशाग्र 75 गेंदों में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए अब तक 144 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।

ईस्ट जोन को मिली शानदार शुरुआत

ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े।

चामा मिलिंद ने इस साझेदारी को तोड़ा और वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। वैभव ने 37 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए। इसके बाद अभिमन्यु ईश्वरन ने भी अर्धशतक लगाया। वह 86 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 72 रन बनाकर रन आउट हुए।

ईशान और शिखर मोहन ने संभाली पारी

सुदीप कुमार सिर्फ छह रन बनाकर त्रिपुराणा विजय की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन और शिखर मोहन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 94 रन की साझेदारी हुई।

शिखर मोहन ने 120 गेंदों में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 85 रन बनाए। उन्हें चामा मिलिंद ने आउट किया। इसके बाद ईशान किशन और कुमार कुशाग्र ने मोर्चा संभाला और दिन का खेल खत्म होने तक टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया।

ईस्ट जोन के चार बल्लेबाजों ने बनाए 50+ रन

पहले दिन ईस्ट जोन की ओर से एक शतक और तीन अर्धशतक लगे। ईशान किशन ने शतक लगाया, जबकि अभिमन्यु ईश्वरन, शिखर मोहन और कुमार कुशाग्र ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वैभव सूर्यवंशी भी 44 रन की उपयोगी पारी खेलने में सफल रहे।

साउथ जोन की ओर से चामा मिलिंद ने दो विकेट लिए, जबकि त्रिपुराणा विजय को एक सफलता मिली।

वैभव और तिलक के बीच मैदान पर हुई बहस

मैच के दौरान ईस्ट जोन के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। घटना ईस्ट जोन की पारी के 11वें ओवर के दौरान हुई।

शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत और मजाकिया अंदाज में स्लेजिंग हुई, लेकिन बाद में मामला गरमा गया। तिलक ने वैभव से उप-कप्तानी को लेकर टिप्पणी की, जिसके बाद दोनों आमने-सामने आ गए।

मामला बढ़ता देख अंपायर ने हस्तक्षेप किया और दोनों खिलाड़ियों को अलग किया। हालांकि, इसके बाद मैच आगे जारी रहा।

Related Articles

Back to top button