तीन साल की मासूम राधिका की हत्या की खौफनाक कहानी, मामा-मामी पर आरोप और मौसी की चुप्पी पर सवाल

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में तीन वर्षीय राधिका हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, मासूम की हत्या उसके सगे मामा दीपक और मामी पूजा ने की थी। नाना-नानी की ओर से राधिका के नाम प्लॉट खरीदने और उसकी मां के जेवर उसे देने की तैयारी से दोनों नाराज थे। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में एक किशोरी रिश्तेदार की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वारदात के समय वह मौके पर मौजूद थी, लेकिन उसने घटना के बारे में जानकारी छिपाई। पूछताछ के दौरान पुलिस को उससे अहम जानकारी मिली।
मामी ने बच्ची को कमरे में बुलाकर की हत्या
मलावन थाना क्षेत्र के नगला भूपाल गांव में 24 अक्टूबर को तीन वर्षीय राधिका घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान एक छोटी बच्ची ने उससे कहा कि उसकी मामी बुला रही हैं। पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर पहुंचने पर मामी पूजा ने राधिका को उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को प्लास्टिक की बोरी में रखकर संदूक में छिपा दिया गया और कमरे में ताला लगा दिया गया। दो दिन बाद शव से दुर्गंध आने लगी तो आरोपियों ने उसे घर से दूर शहतूत के पेड़ के नीचे फेंक दिया। बोरी को खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।
100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद खुलासा
एएसपी श्वेताभ पांडेय के अनुसार, राधिका के लापता होने की सूचना 24 अक्टूबर को मिली थी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। 26 अक्टूबर को बच्ची का शव बरामद होने के बाद मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराएं बढ़ाई गईं।
हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसएसपी डॉ. इलामारन ने तीन पुलिस टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान पुलिस ने मलावन और आसपास के इलाकों के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गांव में आए दो बाबाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई, लेकिन उनसे कोई अहम जानकारी नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान मामा दीपक और मामी पूजा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद दोनों से पूछताछ की गई, जिसमें उनकी भूमिका सामने आई।
मां के जेवर और प्लॉट को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, राधिका की मां सोनी की वर्ष 2023 में बेटी को जन्म देने के दौरान मृत्यु हो गई थी। इसके करीब 15 दिन बाद नाना-नानी बच्ची को अपने घर नगला भूपाल ले आए थे। सोनी की शादी वर्ष 2020 में हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव अगसौली निवासी संजय से हुई थी। दिसंबर 2024 में संजय ने सोनी की चचेरी बहन रोली से दूसरी शादी कर ली थी।
पुलिस का कहना है कि सोनी के करीब आठ तोले सोने और चांदी के जेवर नाना-नानी ने राधिका की शादी के लिए सुरक्षित रखे थे। इसके अलावा, वे दिवाली के आसपास एटा में राधिका के नाम प्लॉट खरीदने की तैयारी कर रहे थे। दीपक और उसकी पत्नी पूजा इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल प्लास्टिक की बोरी और तौलिया भी बरामद किए गए हैं।





