योगी आदित्यनाथ ने मेधावियों को किया सम्मानित, कहा- पढ़ाई में लड़कियां लड़कों से आगे निकल रहीं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पहले माना जाता था कि बेटियां घर के कामों में मां का सहयोग करती हैं, लेकिन अब लगता है कि लड़के झाड़ू-पोछा और सब्जी लाने में ज्यादा व्यस्त हैं, इसलिए मेरिट सूची में लड़कियां आगे आ रही हैं।

समारोह में प्रदेश के 75 जिलों के टॉप-10 में स्थान पाने वाले 223 विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें 85 छात्र और 138 छात्राएं शामिल थीं। इसके अलावा प्रदेशभर में आयोजित जिला स्तरीय समारोहों में 1,459 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। छात्रों के साथ उनके अभिभावकों और प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया।

परीक्षा आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास पैदा करना होना चाहिए। प्रश्नपत्र ऐसे होने चाहिए जो छात्रों की क्षमता को परखें, न कि उन्हें अनावश्यक दबाव में डालें।

छोटे बच्चों को स्मार्टफोन न दें

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि छोटे बच्चों को रोने पर मोबाइल फोन थमा देने की आदत से बचना चाहिए। बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों में शामिल करना उनके विकास के लिए अधिक उपयोगी है।

सोशल मीडिया पर सीमित समय दें

योगी ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि इंटरव्यू में किसी से यह नहीं पूछा जाता कि उसके कितने फॉलोअर्स हैं। उन्होंने छात्रों से अखबार पढ़ने, समाचार देखने और टैबलेट का उपयोग पढ़ाई के लिए करने को कहा।

नकलविहीन परीक्षा व्यवस्था का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले प्रदेश में नकल की समस्या गंभीर थी और मेरिट का महत्व कम हो गया था। अब पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा प्रणाली लागू होने से मेधावी विद्यार्थियों को उचित पहचान मिल रही है।

अतिआत्मविश्वास से बचने की सलाह

उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास जरूरी है, लेकिन अतिआत्मविश्वास व्यक्ति को असफलता की ओर ले जाता है। सफलता के लिए मेहनत, ईमानदारी और व्यावहारिक ज्ञान जरूरी है।

स्वास्थ्य और अनुशासन पर भी दिया जोर

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर सोना-जागना, संतुलित भोजन करना और समाज व देश के लिए कुछ करने का संकल्प लेना भी जीवन में सफलता के लिए जरूरी है।

Related Articles

Back to top button