भाजपा के तीसरे सर्वे में किन नामों पर लगी मुहर? इन सीटों पर सबसे ज्यादा फोकस, एक चरण बाकी

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने मुरादाबाद जिले में प्रत्याशी चयन को लेकर तीसरे चरण का सर्वे पूरा कर लिया है। अब तक हुए तीन सर्वेक्षणों में जिले की छह विधानसभा सीटों पर करीब 20 संभावित दावेदारों के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अंतिम उम्मीदवारों के चयन से पहले अभी दो और सर्वे कराए जाएंगे।
छह सीटों पर दावेदारों को लेकर मंथन
तीन चरणों के सर्वे में मुरादाबाद नगर, देहात, कुंदरकी और ठाकुरद्वारा सीटों पर तीन-तीन, जबकि कांठ और बिलारी सीटों पर चार-चार संभावित दावेदार सबसे अधिक चर्चा में रहे हैं। इन नामों में मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका चेयरमैन और पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी शामिल हैं।
जमीनी फीडबैक के आधार पर होगा चयन
भाजपा अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से जमीनी स्तर पर सर्वे करा रही है। पहला सर्वे जनवरी, दूसरा मार्च के अंतिम सप्ताह और तीसरा जून में कराया गया। इन सर्वेक्षणों में मतदाताओं से क्षेत्र में पार्टी की स्थिति, जनप्रतिनिधियों की लोकप्रियता, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर जनता की राय तथा संभावित उम्मीदवारों को लेकर फीडबैक लिया गया।
सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया कि वे विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चुनने के लिए किन मानकों को सबसे महत्वपूर्ण मानते हैं और यदि पहला विकल्प न हो तो दूसरा पसंदीदा उम्मीदवार कौन हो सकता है।
दो सर्वे अभी और होंगे
भाजपा के अनुसार, प्रत्याशी चयन से पहले कुल पांच चरणों में सर्वे कराए जाएंगे। यदि विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाते हैं, तो सितंबर में प्रस्तावित चौथा सर्वे अंतिम माना जा सकता है। वहीं, तय समय पर चुनाव होने की स्थिति में दिसंबर में पांचवां और अंतिम सर्वे भी कराया जाएगा।
पार्टी नेताओं का कहना है कि सर्वे का उद्देश्य केवल संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता का आकलन करना ही नहीं, बल्कि संगठन की जमीनी स्थिति और जनता की प्राथमिकताओं को समझना भी है। अंतिम टिकट वितरण में इन सर्वेक्षणों की अहम भूमिका रहने की संभावना है।





