वायरल VIDEO से गरमाई सियासत, शहजाद पूनावाला ने PM मोदी को बताया ‘फेल तानाशाह’; BJP छोड़ने की चर्चाओं पर नजर

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब उनके भाजपा छोड़ने की अटकलें भी तेज हैं। पहली नजर में ऐसा लगता है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कर रहे हैं, लेकिन वीडियो के आगे बढ़ने पर स्पष्ट होता है कि उनका बयान विपक्ष द्वारा लगाए जाने वाले ‘तानाशाह’ के आरोपों पर व्यंग्य था।
वीडियो में शहजाद पूनावाला कहते हैं कि वह प्रधानमंत्री मोदी से “निराश” हैं क्योंकि 12 साल बाद भी उन्हें “तानाशाही करना नहीं आया।” इसके बाद वह दावा करते हैं कि यदि कोई वास्तविक तानाशाही देखना चाहता है, तो उसे कांग्रेस शासन और आपातकाल के दौर को देखना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दबाने के आरोप लगाए।
पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें पीएम ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले बच्चों को “शरारती बच्चे” बताते हुए उन्हें माफ करने की अपील की थी। पूनावाला का कहना है कि यदि कोई नेता वास्तव में तानाशाह होता, तो उसका रवैया ऐसा नहीं होता।
उन्होंने विपक्ष शासित राज्यों पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में सोशल मीडिया पोस्ट और विरोध प्रदर्शनों को लेकर लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर विपक्ष का दोहरा रवैया बताया।
इस बीच, शहजाद पूनावाला द्वारा एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल से भाजपा का नाम हटाए जाने के बाद उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर अब तक न तो शहजाद पूनावाला और न ही भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। पूनावाला ने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन समर्थक बताया है।





