पुडुचेरी चुनाव में वी नारायणसामी का दावा—इंडिया गठबंधन को मिलेगा फायदा

प्रदेशभर में कुल 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। गुरुवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। कई जगहों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे लोगों में चुनाव को लेकर उत्साह साफ नजर आ रहा है।

इस बीच, पुडुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला। आम नागरिकों की तरह कतार में खड़े होकर मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि वोट डालना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस बार चुनावी स्थिति INDIA गठबंधन के लिए अनुकूल है।

यह चुनाव राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। वर्तमान में एन. रंगासामी के नेतृत्व में अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस (AINRC) की सरकार है, जिसे भारतीय जनता पार्टी का समर्थन प्राप्त है। ऐसे में सभी प्रमुख दलों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. जवाहर के अनुसार, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 2,791 पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 30 कंपनियां तैनात की गई हैं। कुल 4,836 मतदान कर्मियों को चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है।

प्रशासन ने 209 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और पांच को अत्यंत संवेदनशील घोषित किया है, जहां अतिरिक्त निगरानी की जा रही है। वहीं बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए 2,000 स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव (2021) में पुडुचेरी में 82 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था। इस बार अधिकारियों को उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत नया रिकॉर्ड बना सकता है।

Related Articles

Back to top button