ट्रिपल मर्डर से दहला यूपी, किराये के मकान में मूकबधिर दंपती सहित तीन की हत्या; हर एंगल से जांच शुरू

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंगलवार को ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। शाहगंज थाना क्षेत्र के एक किराये के मकान में मूकबधिर दंपती समेत तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाओं की पहचान हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों एक ही मकान में रहते थे और सभी मूकबधिर बताए जा रहे हैं। पुरुष के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जबकि दोनों महिलाओं के शवों पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं।

घटनास्थल से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया हो। हालांकि, पुलिस ने हत्या के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) रवि गुप्ता ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और हत्या की परिस्थितियां अधिक स्पष्ट हो सकेंगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button