LPG उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना, 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराई तो कनेक्शन हो सकता है निष्क्रिय

घरेलू एलपीजी (LPG) उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना है। जिन ग्राहकों ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं कराई है, उन्हें 15 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन नहीं कराने पर गैस कनेक्शन की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

गाजियाबाद के जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी के अनुसार जिले में करीब 12 लाख घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 10 लाख उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि करीब दो लाख उपभोक्ताओं का सत्यापन अभी बाकी है। ऐसे उपभोक्ताओं से गैस एजेंसियां लगातार संपर्क कर रही हैं और उन्हें मोबाइल संदेशों के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है।

अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं की सही पहचान सुनिश्चित करना, निष्क्रिय गैस कनेक्शनों का सत्यापन करना और पुराने रिकॉर्ड को अपडेट करना है। अधिकारियों के मुताबिक कई उपभोक्ताओं के पते और मोबाइल नंबर बदल चुके हैं, जबकि कुछ कनेक्शनों का लंबे समय से उपयोग नहीं हुआ है। ऐसे सभी मामलों का सत्यापन किया जा रहा है।

उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या विशेष शिविरों में बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए ई-केवाईसी करा सकते हैं। कई गैस कंपनियों ने अपने मोबाइल ऐप और अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले अधिकृत डिलीवरी कर्मियों के माध्यम से भी ई-केवाईसी कराई जा सकती है।

ई-केवाईसी की स्थिति जानने के लिए उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर लॉगिन कर स्टेटस देख सकते हैं। इसके अलावा गैस एजेंसी, कस्टमर केयर या डिलीवरी कर्मी से उपभोक्ता संख्या बताकर भी सत्यापन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button