UP Police Constable: PET की तारीखों का एलान, फिजिकल टेस्ट से पहले इन निर्देशों का रखें ध्यान

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अगले चरण की तारीखें जारी कर दी हैं। 32,679 आरक्षी पदों के लिए होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन अधिकांश जिलों में 1 से 7 अक्तूबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद में परीक्षा 8 अक्तूबर तक चलेगी।

लिखित परीक्षा के बाद PET की बारी

भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की गई थी। बोर्ड ने इसका परिणाम 31 जुलाई को जारी किया था। लिखित परीक्षा के अंकों के प्रसामान्यीकरण और निर्धारित अर्हकारी मानकों के आधार पर अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया।

इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की समीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) कराया गया। अब इन चरणों में सफल और औपबंधिक रूप से सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।

किस जिले में कब होगी परीक्षा?

बोर्ड के अनुसार, अधिकांश जिलों में PET 1 से 7 अक्तूबर के बीच आयोजित होगी। मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद में परीक्षा 1 से 8 अक्तूबर तक चलेगी।

परीक्षा कार्यक्रम:

  • अधिकांश जिले: 1 से 7 अक्तूबर 2026
  • मुरादाबाद, मेरठ और गाजियाबाद: 1 से 8 अक्तूबर 2026
  • इन तीन जिलों के लिए रिजर्व-डे: 8 अक्तूबर
  • अन्य जिलों के लिए रिजर्व-डे: 7 अक्तूबर

औपबंधिक अभ्यर्थियों के लिए भी परीक्षा

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों की अभिलेख समीक्षा किसी कारण से औपबंधिक रूप से पूरी हुई है, उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा भी औपबंधिक आधार पर कराई जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों का PET परिणाम बोर्ड के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।

परीक्षा से पहले जारी होगा प्रवेश पत्र

PET का प्रवेश पत्र परीक्षा की निर्धारित तारीख से करीब एक सप्ताह पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से इसे डाउनलोड करना होगा।

प्रवेश पत्र में दिए गए परीक्षा केंद्र, तारीख और समय के अनुसार अभ्यर्थियों को निर्धारित स्थान पर पहुंचना होगा। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे प्रवेश पत्र जारी होने के बाद उसमें दी गई सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें।

Related Articles

Back to top button