दिल्ली में 4 अगस्त से शुरू होगा ट्राई-सर्विसेज फ्यूचर वॉरफेयर कोर्स, रक्षा तैयारियों पर रहेगा जोर

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार को उनके दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चप्पल फेंके जाने की घटना में दिल्ली पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 34 वर्षीय सुमित उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला है और उसके खिलाफ अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
प्रारंभिक पूछताछ में सुमित ने बताया कि वह अपने वाहन की मरम्मत के सिलसिले में बुलंदशहर से दिल्ली आया था। घटना के समय उसके साथ ‘हैप्पी’ नाम का एक अन्य व्यक्ति भी सांसद के आवास के बाहर खड़ी एसयूवी में मौजूद था। पुलिस दोनों के दावों की पुष्टि करने के साथ-साथ घटना के पीछे की मंशा की जांच कर रही है।
यह हंगामा उस समय हुआ जब पप्पू यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर संसद परिसर में किए गए अपने कथित ‘स्किट’ का बचाव कर रहे थे। इसी दौरान सुमित ने उन पर भगवान राम के अपमान का आरोप लगाया और चप्पल फेंक दी। इसके बाद मौके पर मौजूद समर्थकों और आरोपी के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी गरमा गया है। पप्पू यादव पहले से ही राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर निशाने पर हैं। इस मामले में उनके साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ वाराणसी में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





