TMC सांसद काकोली घोष ने लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र, कल्याण बनर्जी पर बदसलूकी का आरोप

तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद काकोली घोष ने गुरुवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी पर संसद के भीतर बदसलूकी और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। काकोली घोष ने मांग की कि महिला सांसदों के खिलाफ इस तरह का व्यवहार करने पर कल्याण बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

काकोली घोष ने अपने पत्र में लिखा कि कल्याण बनर्जी ने कई बार लोकसभा के अंदर उन्हें मौखिक रूप से अपमानित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण का व्यवहार अन्य महिला सांसदों के प्रति भी अनुचित रहा है।

वहीं, कल्याण बनर्जी ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि काकोली घोष किसी विशेष उद्देश्य से काम कर रही हैं, जिससे उनकी मंशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा यह है कि किसने क्या कहा और कब कहा।

दरअसल, काकोली घोष ने एक दिन पहले ही पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले 20 मई को उन्होंने बारासात जिला अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दिया था। बाद में पार्टी ने उनकी जगह तापस चटर्जी को नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।

काकोली घोष ने अपने इस्तीफे में शिक्षक भर्ती घोटाला, भ्रष्टाचार, जेल विवाद और आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर की मौत जैसे मुद्दों का जिक्र किया था। उन्होंने पार्टी की चुनावी रणनीति में I-PAC के बढ़ते हस्तक्षेप और संगठन में अनिर्वाचित लोगों के बढ़ते प्रभाव पर भी सवाल उठाए थे।

बताया जा रहा है कि काकोली घोष हाल ही में पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता वाली एक बैठक में शामिल हुई थीं। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें बैठक में जाने से अनौपचारिक रूप से मना किया था। इसके बाद से पार्टी के भीतर उनके और नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ गए थे।

कल्याण बनर्जी पहले भी विवादों में रह चुके हैं। दिसंबर 2023 में संसद परिसर में विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री की थी। वहीं, TMC सांसद महुआ मोइत्रा के साथ भी उनकी तीखी बयानबाजी चर्चा में रही थी।

Related Articles

Back to top button