‘डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक के लिए संयुक्त अरब अमीरात एक संभावित जगह’, पुतिन का बड़ा बयान

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ होने वाली संभावित बैठक के लिए संयुक्त अरब अमीरात एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे पहले क्रेमलिन ने गुरुवार को कहा कि आने वाले दिनों में रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के बीच एक बैठक पर सहमति बन गई है। यह खबर ऐसे वक्त सामने आई है, जब एक सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि यूक्रेन के लोग रूस के लड़ाई को समाप्त करने वाले समझौते के लिए उत्सुक हैं।

‘यह एक ऐतिहासिक बैठक हो सकती है’
रूसी राष्ट्रपति के निवेश एवं आर्थिक सहयोग दूत किरिल ए. दिमित्रिव ने गुरुवार को साफ किया कि अगले सप्ताह पुतिन और ट्रंप के बीच संभावित मुलाकात की तैयारियां चल रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दिमित्रिव ने कहा, ‘रूस पुष्टि करता है कि पुतिन-ट्रंप शिखर सम्मेलन अगले सप्ताह हो सकता है। शिखर सम्मेलन की तैयारियां जारी हैं। यह एक ऐतिहासिक बैठक हो सकती है। संवाद ही सफल होगा।’

‘बैठक के लिए स्थान पर भी सहमति बन गई है’
इससे पहले पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा था कि दोनों पक्ष एक बैठक की योजना बनाने पर काम कर रहे हैं। बैठक के लिए स्थान पर भी सहमति बन गई है। इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। यह पुष्टि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ की ओर से मॉस्को में पुतिन के साथ वार्ता के एक दिन बाद हुई है। यह बैठक व्हाइट हाउस की ओर से रूस को यूक्रेन के साथ शांति समझौता करने या आर्थिक दंड का सामना करने की दी गई समय सीमा से कुछ ही दिन पहले हुई थी।

पुतिन और ट्रंप के बीच यह पहली बैठक
इस साल ट्रंप के सत्ता में लौटने के बाद पुतिन और ट्रंप के बीच यह पहली बैठक होगी। यह तीन साल से भी ज्यादा पुराने जंग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है। हालांकि, इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि इस तरह की बैठक से रूस-यूक्रेन जंग समाप्त हो जाएगी, क्योंकि रूस और यूक्रेन अपनी मांगों को लेकर अभी भी एकमत नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button