तीन महीने पहले हुई थी शादी, अब मातम: फरहान ने पत्नी का सिर कुचलकर की निर्मम हत्या

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा इलाके में निकाह के महज तीन महीने बाद एक महिला की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी पति फरहान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घर से महिला का शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय उज्जमा के रूप में हुई है, जिसने 20 अप्रैल को वैवाहिक वेबसाइट के जरिए परिचय होने के बाद फरहान से दूसरा निकाह किया था। उज्जमा पहले से विधवा थी और उसके दो बच्चे झांसी में अपने नाना के पास रह रहे थे। निकाह के बाद वह फरहान के साथ आगरा के नगला पैमा स्थित घर में रहने लगी थी।
मंगलवार सुबह फरहान के पिता अकबर अली अपने बेटे से मिलने घर पहुंचे तो मकान पर ताला लगा मिला। कई बार फोन करने पर भी संपर्क नहीं हो सका। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा तो कमरे के अंदर उज्जमा का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटनास्थल से खून से सनी ईंट भी बरामद हुई, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कमरे में चूल्हे पर दूध रखा था और रोटी-सब्जी भी तैयार मिली। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि महिला ने रात का खाना तैयार किया था, लेकिन उसे खाना खाने का मौका भी नहीं मिला और उससे पहले ही उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरहान घर से फरार हो गया। उसका मोबाइल भी बंद है, जबकि महिला का मोबाइल घर के अंदर ही मिला।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि फरहान शादी के बाद से ही उज्जमा को प्रताड़ित करता था। बहन ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ दिन पहले उज्जमा ने मैसेज कर मारपीट की जानकारी दी थी और उसे अपने साथ ले जाने की गुहार लगाई थी।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्रथम दृष्टया सिर पर ईंट से वार कर हत्या किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी पति की तलाश जारी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





