सरयू नदी की बाढ़ से एनएच- 31 पर शुरू हुआ रिसाव, दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

बलिया: बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर बैरिया-मांझी मार्ग स्थित यादव नगर बस्ती में बृहस्पतिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सरयू नदी के बाढ़ का पानी सड़क के नीचे से रिसकर गांव और विद्यालय की ओर बहने लगा। यह दृश्य देखकर राहगीरों और ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुबह प्राथमिक विद्यालय यादव नगर के सामने से सरयू नदी का बाढ़ का पानी सड़क के नीचे से रिसने लगा, जिससे विद्यालय और आसपास की बस्ती को खतरा उत्पन्न हो गया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुमेर यादव अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर रिसाव रोकने का प्रयास शुरू किया। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता सूर्यभान सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाढ़ विभाग के एक्सईएन से बातचीत कर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि “यदि इस बार सड़क टूटी, तो हम जनता के साथ सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।”

बाढ़ विभाग की सक्रियता के बाद पोकलेन मशीन और कर्मचारी मौके पर भेजे गए, और एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के सहयोग से दो घंटे की मेहनत के बाद रिसाव पर नियंत्रण पाया गया।

मौके पर उपजिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह भी पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए संबंधित विभागों से संपर्क कर जल्द से जल्द रिसाव रोकने के निर्देश दिए।
स्थिति पर नजर रखने और शांति व्यवस्था के लिए क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद उस्मान, चांददीयर चौकी प्रभारी एसआई श्याम प्रकाश मिश्रा, सुरेश यादव सहित दर्जनों स्थानीय लोग व अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button