दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक गिरा, मलबे में दबी महिला ने तोड़ा दम; तीन पशुओं की भी मौत

बदायूं के उझानी क्षेत्र के गांव मीहलाल नगला में बृहस्पतिवार तड़के करीब पांच बजे बड़ा हादसा हो गया। प्रताप सिंह के दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय उनकी 55 वर्षीय पत्नी अगरवती पशुओं को खोलने के लिए वहां पहुंची थीं। मलबे में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन पशुओं की भी जान चली गई।
पशुओं को खोलने गई थीं महिला
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, अगरवती मकान के बाहरी हिस्से में मौजूद थीं, तभी अचानक भवन का अगला हिस्सा ढह गया। वह मलबे में दब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
एसडीआरएफ की दो टीमें पहुंचीं
हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। नगर पालिका उझानी से जेसीबी भी बुलवाई गई। टीमों ने मलबा हटाकर उसमें दबे तीनों मृत पशुओं को बाहर निकाला।
बारिश से कमजोर हो गया था मकान का हिस्सा
बताया गया कि जिस मकान का हिस्सा गिरा, उसमें कोई नहीं रहता था। मकान का अगला हिस्सा पहले से ही दरका हुआ था। लगातार बारिश के कारण दीवार और ज्यादा कमजोर हो गई थी, जिसके चलते तड़के वह हिस्सा भरभराकर गिर गया।
हादसे में प्रताप सिंह के छोटे भाई नन्हे के मकान का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।





