जंगल में हैरान करने वाला नजारा: शिकार पर सुअर-कौवों ने जमाया हक, हायना बेबस

अलवर के सरिस्का टाइगर रिज़र्व में शनिवार सुबह की पहली सफारी पारी के दौरान पर्यटकों को जंगल का एक दुर्लभ और रोमांचक नजारा देखने को मिला। दिल्ली–गुड़गांव से आए पर्यटकों ने सफारी के दौरान हायना को शिकार के बाद इधर-उधर भटकते हुए देखा, जबकि उसका शिकार दूसरे जानवरों के कब्जे में चला गया। इस पूरे दृश्य का वीडियो भी पर्यटकों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो अब चर्चा में है।

यह घटना सरिस्का के सफारी ज़ोन स्थित कटाई मोड़ के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सफारी जीपों के पहुंचने से पहले ही हायना ने एक खरगोश का शिकार कर लिया था। कुछ ही देर बाद वहां एक जंगली सुअर पहुंचा और उसने हायना के किए गए शिकार पर कब्जा जमा लिया। हायना कुछ दूरी पर खड़ी होकर अपना शिकार देखती रही, लेकिन आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सकी।

इसी दौरान मौके पर कई कौवे भी पहुंच गए और जंगली सुअर के साथ मिलकर शिकार को खाने लगे। जंगल में शिकारी के शिकार पर दूसरे जीवों का कब्जा करना पर्यटकों के लिए एक अनोखा अनुभव रहा।

शनिवार सुबह की पहली सफारी पारी में करीब 12 से 14 जिप्सियों में सवार लगभग 50 पर्यटक जंगल भ्रमण पर निकले थे। अचानक हायना नजर आने से पर्यटक रोमांचित हो गए और कई लोगों ने इस दुर्लभ दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया।

सरिस्का टूरिज़्म के रेंजर हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि यह पूरी तरह प्राकृतिक व्यवहार है। जंगल में शिकारी और अन्य जीवों के बीच इस तरह की प्रतिस्पर्धा प्राकृतिक संतुलन का हिस्सा होती है। ऐसे दृश्य पर्यटकों को वन्यजीवों के वास्तविक जीवन को करीब से देखने का अवसर देते हैं, जिससे उनका अनुभव और भी खास बन जाता है।

Related Articles

Back to top button