सहारनपुर की सियासत में हलचल: काजी रशीद मसूद के पौत्र शायान सपा में शामिल

विधानसभा चुनाव से पहले सहारनपुर की सियासत में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद और दिवंगत काजी रशीद मसूद के पौत्र शायान मसूद ने कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर सपा विधायक उमर अली और पूर्व विधायक माविया अली समेत कई नेता मौजूद रहे।

शायान मसूद के सपा में शामिल होने को सहारनपुर की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। वह वर्ष 2019 से कांग्रेस से जुड़े थे और 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने ससुर इमरान मसूद के लिए सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार करते नजर आए थे। अब उनका कांग्रेस छोड़कर सपा में जाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

शायान मसूद का संबंध पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चर्चित राजनीतिक परिवार से है। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री काजी रशीद मसूद के पौत्र हैं। काजी रशीद मसूद परिवार का समाजवादी पार्टी से भी पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। शायान इससे पहले सपा सरकार के दौरान दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी रह चुके हैं।

उनके सपा में जाने को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। कुछ समय पहले सांसद इमरान मसूद ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। इसके बाद शायान मसूद की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

अब सपा में शामिल होने के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी उन्हें कोई अहम जिम्मेदारी या चुनावी अवसर देती है या नहीं। हालांकि, इस संबंध में अभी पार्टी की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। शायान मसूद की सपा में एंट्री को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर सहारनपुर की राजनीति में बदलते समीकरणों के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button