अलवर में ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी बनी आफत: गरीब महिला का घर जलकर खाक

अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी ने एक गरीब परिवार की जिंदगी संकट में डाल दी। 80 क्वार्टर इलाके में रोड किनारे बने कच्चे घर में आग लगने से महिला सफाईकर्मी गीता देवी का पूरा घर जलकर राख हो गया। हादसे में घर में रखे 10 हजार रुपए भी जल गए, जिन्हें परिवार ने बीमार बेटे के इलाज के लिए जोड़ा था।

घटना सुबह करीब 6 बजे की है। आग लगने के समय गीता देवी का बीमार बेटा घर के अंदर सो रहा था। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चे को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। आग इतनी तेज थी कि घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

गीता देवी नगर निगम में ठेकेदार के जरिए सफाईकर्मी के रूप में काम करती हैं और उन्हें करीब 5 हजार रुपए मेहनताना मिलता है। उनके पति कबाड़ बीनने का काम करते हैं। परिवार का बेटा फरवरी से गंभीर बीमारी से पीड़ित है और पूरी तरह बेड पर है।

नगर परिषद के पूर्व सभापति मुकेश सारवान ने बताया कि पति-पत्नी ने बेटे के इलाज के लिए बड़ी मुश्किल से 10 हजार रुपए जमा किए थे, जो आग में जल गए। उन्होंने आमजन से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील की है। वहीं गीता देवी ने कहा कि वह परिवार की अकेली कमाने वाली सदस्य हैं और आग से हुए नुकसान की भरपाई करना उनके लिए संभव नहीं है।

Related Articles

Back to top button