UP में सनसनीखेज मामला, चैट में खुला राज- परिवार को नशीला पदार्थ देने की थी तैयारी

मुरादाबाद में पीतल कारोबारी के घर हुई करोड़ों की डकैती मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि कारोबारी की बेटी अरीबा अपने प्रेमी अरशद वारसी के साथ मिलकर परिवार को बेहोश कर नकदी और जेवर लेकर भागने की योजना बना रही थी।
पुलिस के मुताबिक, अरशद लगातार अरीबा पर दबाव बना रहा था कि वह परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दे और घर से कीमती सामान लेकर निकल जाए। व्हाट्सएप चैट में दोनों के बीच हुई बातचीत से इस साजिश का खुलासा हुआ है।
जांच में यह भी सामने आया कि अरीबा ने एक रात परिवार के लोगों की चाय में नशे की गोलियां मिला दी थीं। उसने जेवर और नकदी बैग में भर भी लिए थे, लेकिन आखिरी समय पर डर के कारण अपना प्लान बदल दिया। उसे आशंका थी कि उसके गायब होते ही परिवार पुलिस के पास पहुंच जाएगा और पूरी साजिश उजागर हो जाएगी।
इसके बाद दोनों ने घर में डकैती की साजिश रची। पुलिस अब मामले में व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।





