जमीन के झगड़े में हाथापाई, अलवर में 2 की हालत नाजुक, बुजुर्ग बुरी तरह घायल

अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र के मथुराहेड़ा गांव में बुधवार को जमीन के कब्जे को लेकर झगड़ा हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान बुजुर्ग देवीराम जाटव और दो महिलाएं सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों और पीड़ित के अनुसार, विवाद भूमि के कब्जे को लेकर चल रहा था। देवीराम ने बताया कि उनके पड़ोसी राधे और मनिंदर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे और पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे।
बुधवार को जब देवीराम ने विरोध किया, तो राधे, मनिंदर, मनोज, गिर्राज और गंगाराम समेत करीब 30–40 लोग लाठी, सरिया और कुल्हाड़ी लेकर हमला करने पहुंचे। झगड़े के दौरान घायल लोगों का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।





