खुशखेड़ा में स्क्रैप व्यापारी पर हमला: बदमाशों ने पीटा और 25 हजार रुपये लूटे

अलवर जिले के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र में एक स्क्रैप व्यापारी पर पांच बदमाशों ने लाठियों और डंडों से जानलेवा हमला किया। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर व्यापारी को धमकाया और करीब 25 हजार रुपये लूट लिए। यह घटना 29 अक्टूबर की शाम जैक्सन कंपनी के पास हुई।

पीड़ित मोहम्मद रजा (34) ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया और बाद में होंडा चौक के पास सड़क पर फेंककर फरार हो गए। उनके पास रखे 20 से 25 हजार रुपये नकद लूट लिए गए।

हफ्ता देने का दबाव बनाया

हमलावरों ने पीड़ित से कहा कि यदि वह दोबारा इस इलाके में स्क्रैप का काम करता दिखा, तो उसे जान से मार देंगे। उन्होंने कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट छोड़ने और मासिक ‘हफ्ता’ देने का दबाव भी बनाया।

मोहम्मद रजा उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के मूल निवासी हैं और खुशखेड़ा में कंपनियों से स्क्रैप खरीदने का काम करते हैं। घटना के वक्त वह ट्रक में स्क्रैप लोड कर रहे थे, तभी बदमाशों ने रास्ता रोककर हमला किया।

एफआईआर दर्ज, टीम गठित

पीड़ित की शिकायत पर खुशखेड़ा थाना पुलिस ने बुधवार शाम एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने रोहित यादव, कमर चौधरी और तीन अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए उनकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button