अलवर में ट्रेकिंग के दौरान बेहोश हुई स्काउट गाइड छात्रा, कई छात्रों को बुखार की शिकायत

अलवर जिले के सरिस्का जंगल में चल रहे राष्ट्रीय पर्यावरण जागरूकता व ट्रैकिंग स्काउट गाइड शिविर के दौरान गुरुवार को एक छात्रा ट्रैकिंग के दौरान बेहोश हो गई, जबकि एक अन्य छात्र को बुखार हो गया। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, नीलकंठ महादेव मंदिर के आसपास ट्रैकिंग के दौरान अलवर के छोटा रैणी की स्काउट गाइड छात्रा चेतना मीणा अचानक बेहोश हो गई। वहीं, हनुमानगढ़ जिले के छात्र सुनील को बुखार आने पर चिकित्सा सहायता दी गई।

दोनों विद्यार्थियों को तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अधिक परिश्रम और थकान के कारण यह स्थिति बनी। देर शाम तक दोनों की तबीयत में सुधार बताया गया है। छात्रा चेतना को रात में भी निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती रखा गया।

शिविर कोऑर्डिनेटर प्रमोद शर्मा ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर का शिविर है, जिसमें कई जिलों से स्काउट गाइड छात्र-छात्राएं भाग लेने पहुंचे हैं। कार्यक्रम के तहत पर्यावरण जागरूकता, साहसिक गतिविधियाँ और ट्रैकिंग का आयोजन किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button