अलवर में संदिग्ध हालत में मिले गौवंश के अवशेष, जांच में जुटी पुलिस; आसपास के कैमरे खंगाले

अलवर में शुक्रवार सुबह गोपाल टॉकीज के पास गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश जताया। सूचना पर कोतवाली और अखैपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर मेडिकल जांच के लिए भिजवाया। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सैंपल और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 7:15 बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी एनईबी थाना क्षेत्र में इसी तरह का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने नगर निगम के साथ मिलकर आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई तेज करने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button