अदाणी बोले- सस्ती बिजली के बिना संभव नहीं AI का भविष्य

Gautam Adani ने सीआईआई समिट में भारत की ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल क्षमता और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर बड़ा विजन पेश किया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में किसी भी देश की असली ताकत उसकी सैन्य या आर्थिक क्षमता से नहीं, बल्कि ऊर्जा और तकनीकी आत्मनिर्भरता से तय होगी।
पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच Gautam Adani ने कहा कि भविष्य में वही देश वैश्विक व्यवस्था को दिशा देगा, जिसके पास ऊर्जा और कंप्यूटिंग क्षमता पर मजबूत नियंत्रण होगा। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर सेक्टर को भविष्य की अर्थव्यवस्था का आधार बताते हुए सस्ती और स्थिर बिजली को इसकी सबसे बड़ी जरूरत बताया।
अदाणी ने कहा कि एआई और डेटा सेंटर तेजी से बढ़ते सेक्टर हैं, जिनके लिए बड़े स्तर पर ऊर्जा की आवश्यकता होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को ऊर्जा सुरक्षा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में आत्मनिर्भर बनना होगा, ताकि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में देश मजबूत स्थिति हासिल कर सके।





