भीषण गर्मी से तप रहा राजस्थान: 19 जिलों में लू का असर, कई जगह बारिश के आसार

राजस्थान में नौतपा के पहले ही दिन भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। सोमवार को जयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, बीकानेर और जैसलमेर समेत कई जिलों में तेज धूप और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। कोटा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने मंगलवार को 19 जिलों में हीटवेव का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 16 जिलों में धूलभरी आंधी, हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 27 मई की देर शाम या 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पूर्वी राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

राजधानी जयपुर में गर्मी ने नया रिकॉर्ड बनाया। यहां दिन का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बाड़मेर और जोधपुर से भी ज्यादा रहा। रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। लगातार दूसरे दिन शहर की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया।

जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर में दिनभर सीवियर हीटवेव का असर रहा, जबकि हनुमानगढ़ और अलवर में गर्म रात दर्ज की गई। कोटा, चित्तौड़गढ़, चूरू और करौली समेत कई जिलों में रात के समय भी गर्म हवाएं चलती रहीं।

तेज गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। जयपुर दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भीषण गर्मी के कारण हाथी गांव का दौरा रद्द कर दिया और केवल आमेर महल का भ्रमण किया। वहीं कई शहरों में सड़कों पर सन्नाटा और अस्पतालों में गर्मी से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ती नजर आई।

Related Articles

Back to top button