राजस्थान के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 4 दिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

बंगाल की खाड़ी में बने एक स्ट्रॉन्ग सिस्टम (वेल मार्क लो-प्रेशर) के असर से राजस्थान के अगले चार दिन हल्की बारिश होगी। इसका सबसे ज्यादा असर उदयपुर संभाग के जिलों में रहेगा।

यहां 3 से 5 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 28 और 29 सितंबर को 9 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। शेष राजस्थान के हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस बीच तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में जो सिस्टम बना है, वह अभी आंध्रप्रदेश और दक्षिणी उड़ीसा के तट पर है। लेकिन धीरे-धीरे छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र की तरफ आगे बढ़ेगा।

इन जिलों में हुई हल्की बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर के एरिया में दोपहर बाद आसमान में बादल छाए। इन जिलों में कुछ स्थानों पर शनिवार को हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी हुई।

करौली शहर में 1MM, कुड़गांव में 2, सवाई माधोपुर के खंडार में 1, बूंदी के रायथल में 6, झालावाड़ के गंगधर में 5, सुनेल में 6 और धौलपुर के राजाखेड़ा में 4MM बरसात दर्ज हुई।

​पश्चिमी जिलों में पारा चढ़ने से गर्मी बढ़ी

राज्य में जहां पूर्वी हिस्सों में बादल छाए और कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई, तो पश्चिमी जिलों में मौसम साफ रहा। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर समेत अन्य शहरों में शनिवार दिन का अधिकतम तापमान बढ़ गया।

बीकानेर, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.4-39.4 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 39.3, गंगानगर में 38.4, जोधपुर में 38.1, चूरू में 38.6, अजमेर में 35.2, जयपुर में 35.8, कोटा में 35.1, उदयपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Related Articles

Back to top button