Railway Update: गाजियाबाद-दिल्ली सेक्शन पर बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी डिरेल; 53 ट्रेनों के संचालन पर असर

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार तड़के एक मालगाड़ी के छह लदे हुए डिब्बे पटरी से उतर जाने से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। हादसा सोमवार देर रात करीब 1:55 बजे साहिबाबाद के पास हुआ। दुर्घटना के बाद उत्तर रेलवे ने कई यात्री ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से रद्द, डायवर्ट और रेगुलेट किया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली मंडल के डीआरएम, एडीआरएम समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग की टीमें युद्धस्तर पर ट्रैक बहाली और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने के काम में जुट गईं। रेलवे ने दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है।
हादसे का सबसे ज्यादा असर गाजियाबाद-नई दिल्ली, दिल्ली-शाहिबाबाद और आसपास के रेल मार्गों पर पड़ा। उत्तर रेलवे के अनुसार, 24 ट्रेनों का मार्ग बदला गया, 16 यात्री ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया, जबकि पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा। इसके अलावा आठ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित (रेगुलेट) किया गया। वहीं रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि कुल 100 से अधिक ट्रेनों का संचालन किसी न किसी रूप में प्रभावित हुआ।
प्रभावित ट्रेनों में गोल्डन टेंपल मेल, महाबोधि एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, श्रमजीवी एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा सुपरफास्ट और कई अन्य प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को दिल्ली सराय रोहिल्ला और पलवल-आगरा मार्ग से डायवर्ट कर चलाया गया।
दूसरी ओर, गाजियाबाद-दिल्ली ईएमयू और मेमू सेवाओं सहित कई लोकल ट्रेनें रद्द होने से दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खुर्जा जंक्शन, गाजियाबाद और अन्य स्टेशनों पर कई ट्रेनें रोकी गईं, जिससे यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या हेल्पलाइन के माध्यम से जरूर जांच लें। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित रेलखंड पर बहाली का कार्य तेजी से जारी है और ट्रैक सामान्य होते ही रेल सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जाएगा।





