एग्जाम प्रबंधन पर उठे सवाल, CUET परीक्षा 2 घंटे लेट शुरू होने से छात्र परेशान

CUET-UG परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी, पहली शिफ्ट 2 घंटे देरी से शुरू
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2026 की परीक्षा शुक्रवार को तकनीकी गड़बड़ी के कारण प्रभावित रही। पहली शिफ्ट का एग्जाम सुबह 9 बजे शुरू होना था, लेकिन सर्वर और सिस्टम में आई दिक्कतों के चलते परीक्षा करीब दो घंटे की देरी से 11 बजे शुरू हो सकी।
देशभर के कई परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द किए जाने का भी दावा किया। देरी और अव्यवस्था से नाराज छात्रों ने कई जगह विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बताया कि परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की ओर से तकनीकी समस्या आने के कारण यह स्थिति बनी। एजेंसी के अनुसार गड़बड़ी को ठीक कर लिया गया है और सभी उम्मीदवारों को पूरा परीक्षा समय दिया जाएगा, ताकि किसी का नुकसान न हो।
तकनीकी समस्या के चलते दूसरी शिफ्ट की परीक्षा का समय भी बदला गया। पहले यह परीक्षा दोपहर 3 बजे शुरू होनी थी, लेकिन अब इसे शाम 4 बजे से आयोजित किया गया। इसके लिए रिपोर्टिंग समय भी दोपहर 1 बजे से बढ़ाकर 2:30 बजे कर दिया गया।
परीक्षा केंद्रों के बाहर इंतजार कर रहे अभिभावकों ने भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई। वहीं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने परीक्षा में हुई देरी को लेकर केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर सवाल उठाए।
गौरतलब है कि CUET-UG 2026 परीक्षा 11 मई से 31 मई तक आयोजित की जा रही है। NTA के अनुसार इस वर्ष 15.68 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। परीक्षा 21 दिनों में 35 शिफ्टों में आयोजित की जा रही है।





