कांग्रेस में संगठन बदलाव की तैयारी: मौजूदा जिला अध्यक्ष को फिर मौका मिल सकता है

अलवर में कांग्रेस के संगठन सर्जन अभियान के तहत जिला अध्यक्ष पद को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। एआईसीसी पर्यवेक्षक सलीम अहमद ने बताया कि इस बार पार्टी बूथ स्तर तक जाकर आम कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता से राय लेगी। कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर जिला अध्यक्ष का नाम आलाकमान को भेजा जाएगा। अगर वर्तमान जिला अध्यक्ष के पक्ष में फीडबैक मिलता है, तो उन्हें दोबारा नियुक्त किया जा सकता है।
सलीम अहमद ने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान किसी भी दावेदार को साथ नहीं ले जाया जाएगा, ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष रहे। उन्होंने कहा— “इस बार वरिष्ठता या युवा वर्ग नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की राय के अनुसार निर्णय होगा।”
अलवर पहुंचने से पहले रास्ते में कई स्थानों पर दावेदारों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सांसद संजना जाटव, विधायक मांगे लाल मीणा और पूर्व विधायक इंद्रराज गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।





