₹370 बिरयानी विवाद में घिरे प्रणित मोरे ने जताया खेद, कहा- सीखकर बेहतर इंसान बनूंगा

कॉमेडियन प्रणित मोरे ने चर्चित ‘₹370 बिरयानी’ विवाद पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। शनिवार को जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इस मुद्दे पर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने के कारण ऐसा नहीं कर पाए।

प्रणित मोरे ने स्वीकार किया कि विवादित वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में उनके प्रति नाराजगी और नफरत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि वह आलोचना के हकदार हैं, क्योंकि शो के दौरान हुई आपत्तिजनक टिप्पणियों को समय रहते रोकने में वे असफल रहे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में बैठे एक व्यक्ति ने महिलाओं को लेकर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उस समय दर्शकों की हंसी और माहौल के प्रभाव में वह उचित निर्णय नहीं ले सके। उन्होंने माना कि उन्हें उसी वक्त उस व्यक्ति को रोकना चाहिए था या उसकी बातों का विरोध करना चाहिए था।

प्रणित ने कहा कि ऐसा न करके उन्होंने अनजाने में उस टिप्पणी को मंच प्रदान किया, जिससे कई लोगों की भावनाएं आहत हुईं। इसके लिए उन्होंने सभी से बिना शर्त माफी मांगी।

कॉमेडियन ने यह भी बताया कि वह मामले में चल रही कानूनी प्रक्रिया में जांच एजेंसियों और अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से एक और मौका देने की अपील करते हुए कहा कि इस घटना से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है और वह भविष्य में अपने कंटेंट और पेशेवर व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करेंगे।

गौरतलब है कि गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप शो के दौरान दर्शक हिमांशु जांगड़ा द्वारा की गई विवादित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद हिमांशु और प्रणित दोनों को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। विवाद बढ़ने पर महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा, सेजल पवार और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की है।

मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है, जबकि जांच एजेंसियां पूरे प्रकरण की जांच कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button