राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज, BJP के वीडियो पर कांग्रेस का पलटवार

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की एक टिप्पणी को लेकर सियासत गरमा गई है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर संसद तक तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं।

कहां से शुरू हुआ विवाद

विवाद की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान हुई। इस दौरान राहुल गांधी ने लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की एक किताब में लिखे संस्मरण का जिक्र किया। सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि संसद में ऐसी किताब का हवाला नहीं दिया जा सकता, जो अभी प्रकाशित नहीं हुई है। इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया।

भाजपा का हमला

इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्व सेना प्रमुख का एक वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ BJP ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। पार्टी ने कहा कि जनरल एमएम नरवणे साफ तौर पर कह चुके हैं कि “जमीन का एक इंच भी नहीं खोया गया है”, इसके बावजूद राहुल गांधी ने एक अप्रकाशित किताब के हवाले से गलत नैरेटिव फैलाने की कोशिश की।

कांग्रेस का पलटवार

BJP के वीडियो के जवाब में कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने एक पत्रिका (मैगजीन) में प्रकाशित लेख के अंश साझा किए और लिखा कि यह वही हिस्सा है, जिसे राहुल गांधी संसद में उद्धृत करना चाहते थे।
कांग्रेस ने कहा कि यह लेख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब “फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी” से जुड़ा है और सवाल किया कि आखिर इस किताब में ऐसा क्या लिखा है, जिससे मोदी सरकार घबरा रही है।

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस

इस पूरे मामले के बाद सोशल मीडिया पर BJP और कांग्रेस समर्थकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई है। एक ओर BJP राहुल गांधी पर सेना को राजनीति में घसीटने का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर कांग्रेस सरकार पर तथ्यों से डरने और सवालों से बचने का आरोप लगा रही है।

Related Articles

Back to top button