अलवर में महिला से जबरदस्ती और धमकी का मामला, पुलिस जांच में जुटी

असम की एक महिला को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली बुलाने और बाद में अलवर में जबरन घरेलू काम करवाने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने आरोप लगाया कि बाइक पार्ट्स कंपनी में काम दिलाने के बहाने दोनों को दिल्ली बुलाया गया था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद पति-पत्नी को अलग कर दिया गया।

आरोप है कि महिला को करीब 6 दिन पहले अलवर लाकर एक घर में रखा गया, जहां उससे जबरन घरेलू काम करवाया गया। विरोध करने और पति से बात कराने की मांग पर उसे धमकाया गया। मौका मिलने पर महिला आरोपियों के चंगुल से भागकर अलवर शहर के ट्रैफिक थाने पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई।

सूचना मिलने पर महिला अधिकारिता विभाग की टीम भी थाने पहुंची। विभाग की लॉ काउंसलर मोनू वर्मा ने बताया कि महिला काफी डरी हुई थी और मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

पीड़िता के परिजनों को असम से बुलाकर महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, महिला के पति ने पूरे मामले में किसी बड़े नेटवर्क के शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस और महिला अधिकारिता विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button