नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, नयाबास प्रशासक को पद से किया मुक्त

बानसूर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नयाबास की प्रशासक रामेश्वरी देवी को पद से हटा दिया गया है। पंचायत राज विभाग के अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
अतिरिक्त आयुक्त त्रिलोक चंद मीणा ने बताया कि प्रशासक पर पद के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। जांच में सामने आया कि ग्राम पंचायत में आम रास्तों की मरम्मत, सफाई, हैंडपंप और बोरिंग मरम्मत जैसे कार्यों के लिए बिना सक्षम स्वीकृति के ही आदेश जारी किए गए।
मामला सामग्री खरीद में राजस्थान लोक उपापन एवं पारदर्शिता नियम-2012 की अनदेखी से जुड़ा था। अलवर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच रिपोर्ट में अनियमितता पाए जाने के बाद प्रशासक को पद से मुक्त कर दिया गया।





