IPL ट्रॉफी जीतने के बाद आध्यात्मिक यात्रा पर विराट, प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात

IPL जीत के बाद प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का

आईपीएल खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। दोनों ने केलीकुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों करीब दो घंटे तक आश्रम में रहे।

सुबह करीब 7 बजे विराट और अनुष्का मास्क लगाकर कार से आश्रम पहुंचे। दोनों नंगे पैर आश्रम के अंदर गए, जहां संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनकी अगवानी की। दर्शन के बाद जब दोनों आश्रम से बाहर निकले तो विराट के माथे पर चंदन और त्रिपुंड लगा हुआ था। उनके हाथ में एक पुस्तक भी दिखाई दी।

प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद विराट और अनुष्का करीब 150 मीटर पैदल चलकर बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे और वहां भी दर्शन किए। दोनों पूरे समय नंगे पैर ही रहे।

इससे पहले भी विराट और अनुष्का 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने वृंदावन आए थे। दोनों ने वहां सत्संग में भी भाग लिया था।

विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 31 मई को आईपीएल 2026 का खिताब जीता था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया था। फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक लगाया और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

विराट का शानदार प्रदर्शन पूरे सीजन जारी रहा। उन्होंने लगातार चौथे सीजन में 600 से अधिक रन बनाए और इस सीजन में टीम के लिए सर्वाधिक 675 रन बनाए।

विराट और अनुष्का अब तक सात बार संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। जनवरी 2023 में पहली बार दोनों वृंदावन पहुंचे थे। पिछले तीन वर्षों में यह उनकी सातवीं और वर्ष 2026 में तीसरी मुलाकात रही।

Related Articles

Back to top button