शराब के साथ खाई नींद की गोलियां, दो भाइयों की मौत से उठे कई सवाल

खुर्जा: बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के मदनपुर गांव में शराब के साथ नींद की गोलियां खाने के बाद दो सगे भाइयों की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत में सुधार है। मृतक की पत्नी ने पति की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मदनपुर गांव में रहने वाले दीपक (28) और उसका भाई बंटी शुक्रवार रात घर में अकेले थे। परिजनों का कहना है कि दोनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नींद की गोलियां खा लीं, जिसके बाद दोनों बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर परिजन और पड़ोसी उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई। वहीं, बंटी को होश आने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की।

परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले बंटी ने अपनी बहन को फोन कर जहर खाने की बात कही थी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और वे मौके पर पहुंचे।

मृतक की पत्नी राजकुमारी ने भाई बंटी और मामा राजू पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले उनकी दीपक से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी और उसे किसी तरह की परेशानी नहीं लग रही थी।

पुलिस के अनुसार, दोनों भाई गांव में अकेले रहते थे। दीपक नाई की दुकान चलाता था, जबकि बंटी रंगाई-पुताई का काम करता था। दोनों की पत्नियां अलग रह रही थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपक पत्नी और बच्चों के मायके चले जाने के बाद मानसिक तनाव में रहता था और शराब का सेवन करता था।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। हत्या के आरोप समेत सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button