राजभर के निशाने पर अखिलेश यादव, हाथ मिलाने से लेकर सनातन तक साधा निशाना

अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि अब सपा में भी वही व्यवस्था है, जो पहले बसपा में देखने को मिलती थी। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव से मिलने और हाथ मिलाने तक का रेट तय है।

राजभर ने अखिलेश यादव की बढ़ती संपत्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीति में आमतौर पर खर्च अधिक होता है, लेकिन इसके बावजूद उनकी संपत्ति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए।

सपा प्रमुख के हालिया ‘सनातन’ प्रेम पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि राजनीतिक जमीन खिसकने के बाद अब सनातन की बात की जा रही है। उनके मुताबिक यह केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है।

उन्होंने अखिलेश यादव को “नकली समाजवादी” बताते हुए कहा कि असली समाजवाद डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों में था। राजभर ने सवाल उठाया कि यदि समाजवाद की बात की जाती है तो क्या अखिलेश यादव अपने नाम के आगे से ‘यादव’ हटाएंगे?

राजभर ने सपा सरकार के कार्यकाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में दंगे, गुंडागर्दी, लूट और हत्या जैसी घटनाएं बढ़ीं। वहीं, सपा के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर तंज कसते हुए उन्होंने इसका नया अर्थ “परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी” बताया और आरोप लगाया कि पार्टी केवल परिवार के हितों की राजनीति करती है।

Related Articles

Back to top button