2 फरवरी की शाम 6 बजे होगी महाआरती, हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल

अलवर में दैनिक भास्कर के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर 2 फरवरी को होप सर्कस पर गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शाम 6 बजे से शुरू होगा, जिसमें आस्था, भक्ति और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

इस महाआरती को वाराणसी से आने वाले पंडितों द्वारा पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक संगीत के साथ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन की भव्यता ऐसी होगी कि करीब 1 किलोमीटर दूर से भी महाआरती के दर्शन किए जा सकेंगे। हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं के लिए आरती के दीपक मौके पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से यह आयोजन शहर के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। इससे पहले भी होप सर्कस पर आयोजित महाआरती को शहरवासियों से जबरदस्त श्रद्धा और समर्थन मिला था।

व्यवस्था में जुटे श्रद्धालु

आयोजन को सफल बनाने के लिए गौरव खंडेलवाल, अरविंद कुमावत, दलीप खंडेलवाल, सतीश बांड़ा, हेमंत खंडेलवाल, लोकेश खंडेलवाल, दिनेश जादौन, सुभाष अग्रवाल, दीपक गर्ग, प्रदीप सोनी, संजय गुप्ता, अजय मेठी, अरविंद खंडेलवाल, अनिल बजाज, महेंद्र गोयल, अश्वनी गुप्ता, महेश सेठी और गोपाल जायवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

व्यापार जगत की भी रहेगी भागीदारी

इस गंगा महाआरती का उद्देश्य आस्था को सशक्त करने के साथ-साथ लोगों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। पिछली बार की तरह इस बार भी शहर का व्यापार जगत बड़ी संख्या में आयोजन में शामिल होगा। खास बात यह है कि काशी के गंगा घाट पर होने वाली 8 प्रकार की आरतियों का दृश्य यहां अलवर में देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button