Karanvir Bohra के पिता का निधन, भावुक पोस्ट में बोले हमें वैसे ही छोड़कर चले गए जैसे…

टीवी सीरियल Kasautii Zindagii Kay से मशहूर अभिनेता Karanvir Bohra के पिता और फिल्म निर्माता Mahendra Bohra का निधन हो गया है। उनके निधन से परिवार और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।
पिता के निधन पर करणवीर बोहरा ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें याद किया। पिता की तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “लव यू डैड, मैं आपको बहुत याद करूंगा। जिसने भी अपने माता-पिता को खोया है, वह इस दर्द को समझ सकता है। लेकिन मुझे सुकून है कि आपने एक खूबसूरत और पूरी जिंदगी जी।”
करणवीर ने आगे लिखा कि उनके पिता हमेशा चाहते थे कि वह इस दुनिया से शांति से विदा लें और ऐसा ही हुआ। उन्होंने लिखा, “आप हमें वैसे ही छोड़कर गए जैसे आप हमेशा चाहते थे—शांति से और बिना किसी तकलीफ के। आप कहते थे कि आप इस दुनिया से जूते पहनकर जाना चाहते हैं और आप बिल्कुल वैसे ही गए।”
अपने पोस्ट में अभिनेता ने यह भी बताया कि उनके पिता ने उन्हें जिंदगी की कई अहम सीखें दीं। उन्होंने लिखा कि चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, उम्मीद बनाए रखनी चाहिए, गिरकर फिर उठना चाहिए और हमेशा सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
बता दें कि महेंद्र बोहरा कई दशकों तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े रहे। वह मशहूर फिल्ममेकर Ramkumar Bohra के बेटे थे। उन्होंने निर्माता, निर्देशक और लेखक के रूप में काम किया और ‘तेजा’ तथा ‘टक्कर’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते थे। उनके साथ कई बड़े सितारों ने काम किया था।





