India Post GDS 2026: आवेदन में इन जानकारियों को भरें संभलकर, गलती हुई तो हाथ से निकल सकती है नौकरी

इंडिया पोस्ट की ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को कई जानकारियां सावधानी से दर्ज करनी होंगी। खास तौर पर पंजीकरण के दौरान दर्ज की जाने वाली कुछ जानकारियों में बाद में बदलाव की सुविधा नहीं मिलती। ऐसे में छोटी सी गलती भी उम्मीदवार के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।
उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन शुरू करने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज और जानकारी अपने पास रखें। फॉर्म जमा करने से पहले दर्ज की गई सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लेना भी जरूरी है।
पंजीकरण में इन दो चीजों का रखें खास ध्यान
पंजीकरण के दौरान उम्मीदवारों को मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करनी होती है। दोनों का ओटीपी के जरिए सत्यापन किया जाता है। विभाग की ओर से महत्वपूर्ण सूचनाएं भी इन्हीं माध्यमों पर भेजी जाती हैं।
- ऐसा मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें जो सक्रिय हो और जिसकी पहुंच आपके पास रहे।
- इनका इस्तेमाल पासवर्ड या पंजीकरण संख्या दोबारा प्राप्त करने के लिए भी किया जा सकता है।
- पंजीकरण के बाद मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी में बदलाव नहीं किया जा सकता। इसलिए इन्हें भरते समय विशेष सावधानी बरतें।
दसवीं के प्रमाणपत्र के अनुसार भरें व्यक्तिगत जानकारी
पंजीकरण के दौरान उम्मीदवार को नाम, जन्मतिथि, पिता या अभिभावक का नाम, माता का नाम और अन्य व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करनी होगी। ये सभी विवरण दसवीं कक्षा के प्रमाणपत्र में दर्ज जानकारी के अनुसार ही भरने चाहिए।
नाम, माता-पिता के नाम या जन्मतिथि में अंतर होने पर उम्मीदवारी रद्द हो सकती है। इसलिए फॉर्म भरते समय दसवीं का प्रमाणपत्र सामने रखना बेहतर रहेगा। समुदाय से जुड़ी जानकारी भी संबंधित प्रमाणपत्र के अनुसार ही दर्ज करनी चाहिए।
गलती होने पर क्या सुधार कर सकते हैं?
पंजीकरण पूरा होने के बाद आवेदन भरते समय पंजीकरण की कुछ जानकारियों को अपडेट करने की सुविधा दी गई है। इसके लिए ‘क्लिक हियर टू अपडेट द रजिस्ट्रेशन डेटा’ विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है।
हालांकि, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी में किसी भी परिस्थिति में बदलाव नहीं किया जा सकता। इसलिए इन दोनों जानकारियों को पहली बार में ही सही दर्ज करना बेहद जरूरी है।
आवेदन फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें ध्यान
दूसरे चरण में उम्मीदवार पंजीकरण संख्या और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करेंगे। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण, मंडल का चयन और पदों की वरीयता जैसी जानकारी भरनी होगी।
दसवीं की शैक्षणिक जानकारी में बोर्ड, परीक्षा पास करने का वर्ष और प्राप्त अंकों की जानकारी सही-सही दर्ज करें। वर्तमान और स्थायी पता भरते समय भी विशेष सावधानी बरतें।
फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करते समय भी सावधानी जरूरी
आवेदन में हाल की फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। दोनों निर्धारित आकार और अनुपात के अनुसार होने चाहिए।
- फोटो का आकार 30 से 100 केबी और अनुपात 5:4 पोर्ट्रेट होना चाहिए।
- हस्ताक्षर का आकार 20 से 50 केबी और अनुपात 5:2 लैंडस्केप होना चाहिए।
अंतिम सबमिशन से पहले पूरा फॉर्म जांचें
आवेदन जमा करने से पहले प्रीव्यू या प्रिंट विकल्प के जरिए पूरे फॉर्म की जांच जरूर करें। प्रत्येक कॉलम में दर्ज जानकारी के साथ फोटो और हस्ताक्षर भी ध्यान से चेक करें।
उम्मीदवारों को अंतिम तारीख का इंतजार न करने की सलाह दी गई है, ताकि आखिरी समय में वेबसाइट पर अधिक लोड होने के कारण आवेदन जमा करने में परेशानी न हो।
सुधार का मौका कब मिलेगा?
GDS भर्ती 2026 के लिए आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 21 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक पूरी की जा सकती है। इसके बाद 23 सितंबर से 24 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक सुधार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ध्यान रखें कि एक उम्मीदवार केवल एक ही पंजीकरण कर सकता है। एक से अधिक या फर्जी पंजीकरण पाए जाने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।





