जनता की दहलीज तक सरकार: रेखा गुप्ता ने शुरू किए जन कल्याण शिविर, एक जगह मिलेंगी सभी सुविधाएं

दिल्ली के नागरिकों को केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालीमार बाग स्थित संदेश विहार के एमसीडी कम्युनिटी हॉल में ‘जन कल्याण शिविर’ का शुभारंभ किया।

‘12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ थीम पर आयोजित ये शिविर 18 से 20 जून तक राजधानी के सभी जिलों में 42 केंद्रों पर संचालित किए जाएंगे। शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजी सहायता और अन्य सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जबकि कई सुविधाएं जरूरतमंदों तक पहुंच ही नहीं पाती थीं। अब डबल इंजन सरकार और ट्रिपल इंजन व्यवस्था के माध्यम से सरकार स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ‘सेवा, सुविधा और समाधान’ के संकल्प के साथ काम कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र नागरिक किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में त्रि नगर से विधायक तिलकराम गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button