दिल्ली–जयपुर ट्रेन में मारपीट: मामूली बात पर झगड़ा बढ़ा, युवक को चलती ट्रेन से गिराया

अलवर में चलती ट्रेन में गुटखा थूकने को लेकर बड़ा हादसा हो गया। गुटखा खाने के बाद बार-बार थूक रहे एक युवक के छींटे पास खड़े यात्रियों पर पड़ गए। इससे विवाद बढ़ा और एक युवक ने उसे पीछे से लात मार दी। लात लगते ही युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।

घटना शुक्रवार रात खैरथल रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर हुई। हादसे में घायल रायबरेली जिले के मूर्तजा नगर निवासी विजय सरोज (22) को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थूक के छींटों से भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, विजय सरोज दिल्ली से जयपुर–रायबरेली सुपर एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। खैरथल के पास वह ट्रेन के गेट पर खड़ा गुटखा खा रहा था और बार-बार गेट के बाहर थूक रहा था। थूक के छींटे पास खड़े तीन युवकों पर पड़ने से विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक ने विजय को पीछे से लात मारी, जिससे वह ट्रेन से नीचे गिर गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है और उसका उपचार जारी है। वह वेल्डिंग का काम करता है। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।

यह घटना चलती ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के व्यवहार पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

Related Articles

Back to top button