आग से किसान को हजारों रुपये का नुकसान, कारणों की जांच जारी

अलवर जिले के कोटकासिम क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार रात करीब 7 बजे एक किसान के खेत में रखी लगभग 600 मन भूसी (कड़बी) में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में लाखों रुपए का चारा जलकर राख हो गया। घटना में किसान जले सिंह पुत्र श्रीचंद को भारी नुकसान हुआ है।

पीड़ित किसान ने बताया कि उसने पशुओं के चारे के लिए लाखों रुपए खर्च कर भूसी खरीदी थी और खेत में स्टोर की थी। “मैं शाम साढ़े छह बजे फव्वारा लाइन लगाकर घर गया था। करीब 15 मिनट बाद खेत से धुआं उठने लगा। जब पहुंचा तो आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि पूरी भूसी जलकर राख हो गई,” किसान ने बताया।

सूचना पर रीको फायर स्टेशन खैरथल से दमकल वाहन करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। गाड़ी की 2000 लीटर पानी की क्षमता पांच मिनट में ही खत्म हो गई, जिसके बाद किसानों ने खुद आग बुझाने का मोर्चा संभाला। ग्रामीणों ने पास के खेतों के बोरिंग से पाइप लगाकर दमकल गाड़ी में पानी भरा और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कोटकासिम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट-सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। किसान ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button